******
मुन्नू और मम्मी
मुन्नू बेटा ऐसा मत कर
मुन्नू लग जाएगी
मुन्नू उतरो सीढ़ी से
यह सीढ़ी गिर जाएगी !
मुन्नू मिट्टी में मत खेलो
मुन्नू चुप हो जाओ
बहुत हो गयी धमाचौकड़ी
मुन्नू बस्ता लाओ !
मुन्नू गुड्डी के क्यूँ मारा
क्यों की यह शैतानी
इतने बड़े हो गए फिर भी
करते हो नादानी !
मुन्नू क्या ऐसे खाते हैं
मुन्नू घर में रहना
देखो साबुन लगा कान में
मुन्नू ये क्या पहना !
मुन्नू को गुस्सा आया, पर
उसने हार ना मानी
बोला -
मम्मी तुम मुन्नू बन जाओ अब
मैं भी कर लूँ मनमानी !!!!
********
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें